3.8 डिग्री पर पहुंचा पारा, कोहरे की सफेद चादर ने ठिठुराया
कानपुर। मौसम के उतार चढ़ाव के बीच ठंड के तेवर फिर से तल्ख हुए हैं। मंगलवार की तरह बुधवार भी सुबह की शुरूआत कोहरे की सफेद घनी चादर से हुई। सुबह सड़क पर निकले वाहनों को अपनी लाइटें तक जलानी पड़ीं। पारा भी लुढ़ककर 3.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शीतलहर और गलन की वजह से पूरा दिन लोगों का कंपकंपाते हुए बीता।
कानपुर में ठंड एक बार फिर से अपना असर दिखाने लगी है। बुधवार की सुबह कोहरे की सफेद घनी चादर की वजह से सड़कों पर दृश्यता काफी प्रभावित नजर आयी। हालत यह थी कि कुछ दूरी पर देखना भी मुश्किल हो रहा था। यही वजह रही कि जो वाहन सड़क पर निकले, न केवल उनकी रफ्तार थमी नजर आयी बल्कि सुरक्षा के चलते वह लगातार लाइट जलाकर चलते रहे। कोहरे के कहर के साथ ही शीतलहर और गलन का भी कहर और बढ़ गया। शीतलहर की वजह से हाथ पैर की अंगुलिया भी जवाब देती नजर आयीं। जो लोग सड़क पर निकले, वह ठंड के बचाव के पूरे इंतजाम के साथ दिखे।
सीएसए के मौसम विभाग के अनुसान, बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा, यहा सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर रहा। यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।शीतलहर और गलन की वजह से दोपहर में सूर्यदेव भी राहत नही दिला सके। कुछ देर की धूप तो निकली, लेकिन उसकी चमक भी मद्धिम नजर आयी। दक्षिण पश्चिम हवाओं की वजह से गलन पूरे फाॅर्म पर नजर आयी।