यूपीयूएमएस सैफई में आयुष ओपीडी का शुभारंभ, समन्वित चिकित्सा एवं शोध को मिलेगा बढ़ावा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के ओपीडी परिसर के कक्ष संख्या 23 में आज प्रातः आयुष ओपीडी का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह द्वारा किया गया। कुलपति महोदय के सार्थक प्रयासों से विश्वविद्यालय में आयुष ओपीडी की शुरुआत की गई है, जहाँ मरीज आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने कहा कि आयुष ओपीडी की स्थापना का उद्देश्य विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटिव मेडिसिन (समन्वित चिकित्सा) को बढ़ावा देना तथा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अनेक ऐसे रोग हैं जिनके उपचार में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियाँ प्रभावी सिद्ध हो सकती हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटिव मेडिसिन से संबंधित शोध कार्यों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष पद्धतियों के समन्वय पर वैज्ञानिक अध्ययन किया जा सके और रोगियों के उपचार को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कुलपति महोदय ने यह भी बताया कि निकट भविष्य में यहाँ योग से संबंधित परामर्श एवं सेवाएँ भी प्रारंभ करने की योजना है, जिससे रोगियों को समग्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
आयुष ओपीडी के अंतर्गत सप्ताह में तीन दिन आयुर्वेद की ओपीडी संचालित की जाएगी, जो डॉ. साधना यादव द्वारा प्रत्येक सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।
इसी प्रकार सप्ताह में तीन दिन होम्योपैथी की ओपीडी संचालित की जाएगी, जो डॉ. प्रीति पाल द्वारा प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार एवं शनिवार को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी।
आयुष ओपीडी, न्यू ओपीडी कक्ष संख्या - 23 की शुरुआत से विश्वविद्यालय में आने वाले रोगियों को समन्वित चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिलेगा तथा उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न उपचार विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे। हमारा संस्थान निकट भविष्य में आयुष के लिए एक शीर्ष केंद्र बनकर उभरेगा।