डॉक्टर श्वेता विशिष्ट महिला वैज्ञानिक पुरस्कार से हुई सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि की प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्वेता को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए विशिष्ट महिला वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गन्ना अनुसंधान संस्थान लखनऊ में प्रारंभ हुई तीन दिवसीय कृषि संगोष्ठी कार्यक्रम में प्रदान किया गया।यह पुरस्कार उन्हें कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और नवाचारों के लिए दिया गया है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि डॉ.श्वेता ने अपने शोध कार्यों के माध्यम से न केवल वैज्ञानिक समुदाय में अपनी अलग पहचान बनाई है। बल्कि किसानों और कृषि क्षेत्र को भी नई दिशा देने का कार्य किया है।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. श्वेता ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपने परिवार, सहयोगियों और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग,प्रोत्साहन और मिले अवसरों के बिना यह संभव नहीं हो पाता। यह सम्मान न केवल डॉ.श्वेता की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि प्रदेश की सभी महिला वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। विश्वविद्यालय के कुलपति के. विजयेंद्र पांडियन ने डॉक्टर श्वेता की उपलब्धि पर उन्हें उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं हैं।
|