यूपीयूएमएस में ‘अमृत भारत फार्मेसी’ का शुभारंभ, मरीजों को किफायती दरों पर मिलेंगी गुणवत्तापूर्ण दवाएं
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई।उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में मरीजों एवं उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति **प्रो. (डॉ.) अजय सिंह** ने **‘अमृत भारत फार्मेसी’** का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि अमृत भारत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं आवश्यक दवाएं सुलभ एवं किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनके उपचार का आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा जनहितकारी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उद्घाटन समारोह में **प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) रमाकांत यादव, कुलसचिव दीपक वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. पी. सिंह, प्रॉक्टर डॉ. विजय मिश्रा तथा डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह** सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक, संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने अमृत भारत फार्मेसी का अवलोकन किया तथा इसे मरीजों के हित में एक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल बताते हुए इसके सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।