यूपीयूएमएस सैफई में रोबोटिक सर्जरी की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, ‘ORBIT Programme’ का आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा, 21 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई में 19 से 21 अगस्त 2026 तक ORBIT Programme (Observership in Robotic and Innovation Techniques) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय में समर्पित रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन यूरोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से उन्नत शल्य चिकित्सा तकनीकों को अपनाने तथा सैफई में रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी के क्षेत्र में विशेषज्ञता विकसित करने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. एस.पी. सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, जनरल सर्जरी विभाग तथा डॉ. मुबाशिर अली खान, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, यूरोलॉजी विभाग के मार्गदर्शन में में किया जा रहा है। डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह, प्रोफेसर, जनरल सर्जरी कार्यक्रम के संयोजक, डॉ. अंकित सचान, असिस्टेंट प्रोफेसर, यूरोलॉजी आयोजन सचिव तथा डॉ. गौरव मिश्रा, असिस्टेंट प्रोफेसर, जनरल सर्जरी सह-आयोजन सचिव हैं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रोबोटिक सर्जरी सिमुलेटर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम, उपकरणों, सर्जिकल कंसोल तकनीकों तथा रोबोटिक सर्जरी की बुनियादी दक्षताओं से सिमुलेटेड वातावरण में परिचित होने का अवसर मिला।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, ईएनटी तथा सीटीवीएस सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं सर्जिकल प्रशिक्षु प्रतिभागिता कर रहे हैं। इस बहुविषयक सहभागिता का उद्देश्य एक व्यापक एवं सक्षम रोबोटिक सर्जरी टीम विकसित करना तथा चिकित्सकों एवं ऑपरेशन थिएटर से जुड़े कार्मिकों को भविष्य में रोबोटिक तकनीक के क्लिनिकल उपयोग के लिए तैयार करना है।
ORBIT Programme यूपीयूएमएस सैफई में रोबोटिक सर्जरी सेवाओं की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसके माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को भविष्य में उन्नत एवं न्यूनतम इनवेसिव सर्जिकल उपचार उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक रोबोटिक सर्जरी तकनीकों में प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता और मजबूत होगी।