‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ थीम पर 23 सितंबर को मनेगा आयुर्वेद दिवस
*पंचकर्म, ध्यान-साधना से लेकर डायबिटीज प्रबंधन तक, आयुर्वेद की विभिन्न पद्धतियों से रूबरू होंगे लोग*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।आगामी 23 सितंबर को आयोजित होने वाले आयुर्वेद दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस का विषय ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ रखा गया है
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद दिवस का आयोजन शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर ढंग से किया जाए। कार्यक्रम ऐसा हो, जिससे आमजन आयुर्वेद की विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के साथ ही हमारी पारंपरिक ज्ञान परंपरा से भी परिचित हो सकें
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में पंचकर्म, ध्यान-साधना, स्वर्णप्राशन, डायबिटीज प्रबंधन, कर्णवेधन सहित आयुर्वेद की विभिन्न पद्धतियों का प्रदर्शन एवं उनके संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा का अभिन्न अंग है। इसे आधुनिक जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं से जोड़ते हुए आमजन तक पहुंचाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।