जन-जन तक पहुंचाएं भाजपा की जन कल्याणकारी नीतियां : क्षेत्रीय अध्यक्ष
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय में रविवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने नव मनोनीत क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी, सह संयोजक संजय सिंह एवं प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट व ब्लॉक प्रमुख रत्ना तोमर का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। राम किशोर ने कहा कि मीडिया संगठन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी नीतियों की जानकारी प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना मीडिया टीम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय और टीम वर्क की भावना के साथ कार्य करें तथा संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएं।बदलते परिदृश्य में परंपरागत मीडिया के साथ-साथ डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी ने प्रदेश नेतृत्व एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास और जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ निभाया जाएगा। क्षेत्रीय मीडिया टीम का प्रयास रहेगा कि संगठन की गतिविधियों को तथ्यात्मक, समयबद्ध और प्रभावी तरीके से मीडिया के समक्ष रखा जाए तथा क्षेत्र के सभी 17 जिलों में मीडिया से बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह वीरेंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, वरिष्ठ नेता कैलाश शुक्ला, केशव सेंगर, डॉ. अनुराग शर्मा सहित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवगठित मीडिया टीम के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
|