मंडल स्तरीय युवा उत्सव में कानपुर नगर का रहा दबदबा
- विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में करेंगे प्रतिभाग |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, कानपुर नगर के तत्वावधान में बुधवार को बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में मंडल स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव के अंतर्गत कल्चरल ट्रैक में नुक्कड़ नाटक, लोकगीत (समूह), लोकनृत्य (समूह), पेंटिंग एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मंडल के सभी छह जनपदों के जनपद स्तरीय विजेता प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य में कानपुर नगर की टीम ने प्रथम तथा कानपुर देहात की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में कानपुर नगर की टीम प्रथम, इटावा की टीम द्वितीय तथा फर्रुखाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में कानपुर नगर की टीम ने प्रथम, औरैया की टीम ने द्वितीय तथा इटावा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कविता लेखन प्रतियोगिता में कन्नौज की मांसी राठौर ने प्रथम, कानपुर नगर के श्रेयांश कटियार ने द्वितीय तथा इटावा के हर्ष वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में कानपुर नगर के आस्तिक चौधरी प्रथम, कानपुर देहात के अविराज द्वितीय तथा औरैया के अत्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) मनोज कुमार द्विवेदी ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मंडल स्तरीय युवा उत्सव में चयनित विजेता कलाकार आगामी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह, बीएनएसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पाठक, व्यायाम प्रशिक्षक धीरेंद्र सिंह यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक कुमार सिंह, अमित कुमार एवं अंशिता श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में कविता, मंजू, रेनु निगम, अमिता शुक्ला, विपिन निगम एवं राजकुमार सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।