बंदी बेअसर, उफान पर राजनीतिक घमासान, प्रशासन सतर्क
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। किसान आंदोलन के समर्थन में बुलाए गए भारत बंद का शहर में असर नहीं देखा गया। नौबस्ता गल्ला मंडी, गड़रियनपुरवा आटो मार्केट को छोड़ दिया जाए, तो कानपुर में रोजाना की तरह से जनजीवन चलता रहा। इन सबके बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जरूर बंद के बहाने अपनी राजनीतिक शक्ति को परखती नजर आयी। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर इन दोनों पार्टियों के कई नेताओं को नजरबंद किया गया था, इसके बावजूद सपा और कांग्रेस के कई नेता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करते नजर आए। पुलिस ने प्रदर्शन करते हुए इन नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
भारत बंद को देखते हुए सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर काफी सतर्क नजर आए। भारत बंद के समर्थन में नौबस्ता गल्ला मंडी बंद रही। गल्ला आढ़ती एक समान मंडी शुल्क की आवाज बुलंद किये हुए हैं. नयागंज स्थित किराना बाजार दोपहर एक बजे तक बंद रहा. गड़रियनपुरवा स्थित आटो मार्केट बंद रहा. इसके अलावा कानपुर की थोक और फुटकर बाजारें रोजाना की तरह ही खुली नजर आयीं।
सुबह से ही हूलागंज, कलक्टरगंज, बिरहाना रोड, जनरलगंज, बर्रा, किदवई नगर, नौबस्ता, कर्रही, कौशलपुरी, गुमटी, अशोक नगर, नवाबगंज, चकेरी, श्याम नगर, पनकी, कल्याणपुर आदि क्षेत्र के मोहल्लों में दुकानें खुल गई थीं। राजनीतिक दलों के कार्यालयों की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाली नवीन मार्केट पर भी भारत बंद का असर नहीं दिखा।
प्रशासन सतर्क नजर आया, कई सपा नेता किये गए नजरबंद, किसान आंदोलन को लेकर समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं को शिक्षक पार्क में एकत्र होने का आह्वान किया था। इसे देखते हुए पुलिस ने कई सपा नेताओं को नजरबंद कर दिया। जबकि, शिक्षक पार्क में प्रदर्शन करने पहुंचे सपा विधायक इरफान सोलंकी और नगर अध्यक्ष डॉ. इमरान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और पुलिस लाइन भेजा। सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी को एक दिन पहले हुए विवाद के बाद सुबह से ही नजरबंद रखा गया। इसी तरह सपा नेता सम्राट विकास यादव को पुलिस ने लखनऊ में हिरासत में लिया था रात में घर छोड़ दिया।
प्रसपा के नगर अध्यक्ष के घर के बाहर भी फोर्स लगा दी गई। बाबूपुरवा में कई सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किय गया। सपा नेता चंद्रेश सिंह को भी नजरबंद किया गया।वहीं, सतर्कता के मद्देनजर कांग्रेस नेताओं को भी नजरबंद किया गया।विधायक सुहैल अख्तर अंसारी के खपरा मोहाल स्थित आवास के बाहर पुलिस जमा रही और वह बाहर नहीं निकल पाए। शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के घर भी क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज पहुंचे और नीचे उतरते ही उन्हें नजरबंद किए जाने की सूचना दी। वही विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं करिश्मा ठाकुर के घर भी रेलबाजार पुलिस पहुंच गई.ऊषारानी कोरी के घर पर पुलिस ने पहरा बिठा दिया है. इसी तरह जिन जगहों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था, वहां भी फोर्स नजर आयी।पटेल चौराहा पर सपा नेता गिरफ्तार, कई ऐसे सपा नेता रहे, जो प्रदर्शन करने में कामयाब रहे। सपा नेता प्रवीण सिंह यादव बंटी अपने समर्थकों के साथ पटेल चौराहा यशोदानगर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान यहां पर पुलिस से झड़प भी हुई. बाद में पुलिस ने सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस सपा नेता को घसीटते हुए वाहन में बैठाया तो सपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। गोविंदनगर में कृषि मंत्री का पुतला फूंकने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यहां पर पुतला फूंकने की कोशिश में कांग्रेस नेताओं की पुलिस से झड़प हुई। पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कनिष्क पांडेय, प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास अवस्थी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।
|