2024 में कन्नौज संसदीय सीट से चुनाव लडेंगे अखिलेश
-कन्नौज से हमारा भावनात्मक संबंध,यहीं से लड़ूंगा चुनाव:अखिलेश यादव
- प्रदेश की चरमराई कानून व्यवस्था पर भाजपा पर हुए हमलावर, कहा आए दिन हो रही है बेटियों और महिलाओं का रेप हत्याएं
- पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पत्रकारों से हुए मुखातिब
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यहां सपा कार्यकर्ताओं में पैदा असमंजस की स्थिति को खत्म करते हुए स्पष्ट घोषणा की कि 2024 में होने वाले संसदीय चुनाव में वह एक बार फिर कन्नौज से चुनाव लडेंगे।गुरुवार की दोपहर श्री यादव पूर्व पालिकाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त मुन्ना भईया के पुत्र यशचंद्र गुप्त के तिलक समारोह में भाग लेने कन्नौज पहुंचे थे जहां वह पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। श्री यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के निधन से मैनपुरी लोकसभा सीट से डिंपल यादव चुनाव लड़ रही हैं। जहां पर उन्हें हर वर्ग का समर्थन प्राप्त हो रहा है। नेता जी ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र को नए आयाम दिए और उनका सबसे ज्यादा जुड़ाव रहा। मैनपुरी की जनता स्वयं चुनाव लड़ रही है और भारी बहुमत से सपा मैनपुरी से चुनाव जीतेगी।पूर्व मुख्यमंत्री से जब पत्रकारों ने पूछा कि डिंपल यादव को आपने मैनपुरी से लोकसभा चुनाव लड़ा दिया तो यहां पर कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई।इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव कन्नौज से ही लड़ेंगे। श्री यादव ने यह भी कहा कि कन्नौज उनकी कर्मभूमि है और कन्नौज के लोगों ने उन्हें तीन बार सांसद के रूप में चुना है। कन्नौज की जनता ने उन्हें हमेशा स्नेह और प्यार दिया है इसलिए वह कन्नौज को कभी नहीं छोड़ सकते।श्री अखिलेश ने कहा कि उनका कन्नौज से पुराना और गहरा नाता है जो अटूट है।कन्नौज के लोगों ने उनके कार्यकाल में कन्नौज का विकास होते देखा है। उन्होंने कहा कि पहले जीटी रोड पर जाम लगता था।लखनऊ का रास्ता भी खराब था लेकिन लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे बन जाने से कन्नौज के विकास को नई गति मिली। उन्होंने एक्सप्रेस वे पर हवाई जहाज उतारकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। अपने द्वारा कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए श्री यादव ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय आलू मंडी बनाने का जो बीड़ा उठाया था अगर भाजपा सरकार ने रोड़े न अटकाए होते और बजट दिया होता तो यह मंडी तीन चार साल पहले ही बन गई होती। मेडिकल कॉलेज से क्षेत्र के लोगों को मरीजों को कितना लाभ है।यदि यहां ट्रामा सेंटर बना गया होता तो सैकड़ों लोगों की जान बच गई होती। सैफई में ट्रामा सेंटर बनने से सैकड़ों की जान बची है।कन्नौज में उन्होंने कार्डियोलॉजी का निर्माण कराया था लेकिन भाजपा सरकार की लापरवाही से वहां कुत्ते घूम रहे हैं। कैंसर अस्पताल भी भाजपा सरकार चालू नहीं करा सकी। जिससे सैकड़ों मरीज बाहर जाने को मजबूर हैं।श्री यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि पैरा मेडिकल और नर्सिंग इंस्टीट्यूट बनवाने में भी भाजपा सरकार ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सिर्फ नफरत फैलाती है इसमें कोई बजट नहीं लगता। श्री यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा सौहार्द और भाईचारे की राजनीति करते थे और हम भी इसी रास्ते पर चल रहे हैं।यहां पहुंचने पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त मुन्ना भईया ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत किया और उन्होंने पालिकाध्यक्ष के परिवार से मुलाकात की।इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव, जयकुमार तिवारी बउअन, पूर्व विधायक अनिल दोहरे, कलीम खां,रजनीकांत यादव,अरविंद सिंह यादव,राजू यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।समारोह में शामिल होने के बाद श्री यादव मैनपुरी के लिए रवाना हो गए।