किसानों को किया जागरूक,मिट्टी की उर्वरता पर हुई चर्चा |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के अधीन संचालित दिलीप नगर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पर आजदिनांक 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस मनाया गया। केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ खलील खान ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य किसानों के साथ-साथ आम जनमानस को मिट्टी की महत्ता के बारे में जागरूक करना है।उन्होंने बताया कि मृदा निर्माण एक जटिल प्रक्रिया है जिसमें 1 इंच मिट्टी की परत के निर्माण में 500 से 2000 वर्ष लग जाते हैं इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम मिट्टी को स्वस्थ बनाए रखें। उन्होंने बताया कि विश्व मृदा दिवस की थीम मृदा जहां भोजन शुरू होता है उन्होंने कहा कि इस वर्ष का अभियान है मिट्टी की लवणता को रोके, मिट्टी की उत्पादकता को बढ़ावा दें।उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में रासायनिक खादों और कीटनाशकों के लिए दवाओं के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरा शक्ति समाप्त होती जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मृदा संरक्षण पर विशेष बल दिया जाए उन्होंने इस अवसर पर किसानों को एक नारा भी दिया कि स्वस्थ धरा, तो खेत हरा। डॉ खलील खान ने बताया कि किसान भाई अपने खेतों का मृदा परीक्षण अवश्य कराएं। जिससे मृदा में उपस्थित पोषक तत्वों की सही जानकारी मिल जाती है। उन्होंने किसान भाइयों को सलाह दी कि मिट्टी परीक्षण द्वारा फसल के लिए उर्वरकों की उचित मात्रा की सिफारिश की जाती है। खादों के प्रयोग का समय तथा तरीके के बारे में पूर्ण जानकारी मिलती है।मिट्टी परीक्षण द्वारा छारीय और लवणीय भूमियों की समस्या और उनके सुधारने के बारे में भी जानकारी प्राप्त हो जाती है। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि वे अपनी मिट्टी को स्वस्थ बनाए रखने के लिए केंचुए की खाद एवं नाडेप कंपोस्ट तथा हरी खाद का प्रयोग अवश्य करें जिससे मृदा में जीवांश कार्बन की बढ़ोतरी हो। इस अवसर पर गृह वैज्ञानिक डॉ निमिषा अवस्थी ने पोषण वाटिका से संबंधित किसानों को विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन केंद्र के गृह वैज्ञानिक डॉ निमिषा अवस्थी ने किया। जबकि अतिथियों का स्वागत उद्यान वैज्ञानिक डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने किया। अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद पशुपालन वैज्ञानिक डॉक्टर शशीकांत ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरव शुक्ला, शुभम यादव ,श्री भगवान एवं छात्रा सोनाली सिंह ने विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर प्रसार वैज्ञानिक डॉ विनोद प्रकाश सहित किसान चुन्ना सिंह, चरण सिंह, राजू सिंह एवं महिला किसान माया देवी सहित लगभग एक सैकड़ा से अधिक किसान भाई उपस्थित रहे।
|