भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत: संगठनों ने बांटी ठंडी लस्सी और शरबत,सराहनीय पहल
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा हमीरपुर - भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए रविवार को दो अलग-अलग संगठनों ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। वन विभाग और तहरीक-ए-इंसानियत हिंद सोसायटी द्वारा ठंडी लस्सी, शरबत और पानी का वितरण किया गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की। वन विभाग के क्षेत्राधिकारी सुरेश चंद्र त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बड़े चौराहा पहुंचे, जहां उन्होंने राहगीरों को ठंडी लस्सी पिलाई। तेज गर्मी और लू के बीच लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की सेवा बताया। वहीं मलिकुआं चौराहा पर तहरीक-ए-इंसानियत हिंद सोसायटी की ओर से शरबत और ठंडे पानी का स्टाल लगाया गया। पंडाल में लगे बैनर पर लिखी पंक्तियां — “मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, हिंदी हैं हम वतन है हिंदुस्तान हमारा, हर काम इंसानियत के नाम” — लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। संस्था के अध्यक्ष दानिश गफूर ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए यह सेवा अभियान लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। इस दौरान फिरोज़ पठान, राकी बाल्मीकि, सोहिल अत्तारी, हाफिज़ रेहान, फहीम, आदिल, सिंपू, हाफिज़ कैफ, सैयद साहब, कैफू और साकिब सहित कई युवाओं ने सक्रिय सहयोग किया।