सपा विधायक ने आज गिरफ्तारी का किया ऐलान।
U-थाने मे प्रदर्शन पर विधायक समेत 200 लोगों पर दर्ज हुआ था मुकदमा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आर्य नगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने पनकी थाने में शनिवार को गिरफ्तारी देने का एलान किया है। उन्होंने कहा है कि शनिवार को सुबह 11 बजे पनकी मंदिर में दर्शन करूंगा, इसके बाद मंदिर से पनकी थाने तक दंडवत होता हुआ पहुंचकर गिरफ्तारी दूंगा।
सपा विधायक ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि उनके समर्थन में न तो मंदिर आएं और न ही थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन में एक और मुकदमा दर्ज करने का पुलिस और प्रशासन को बहाना मिल जाएगा। विधायक ने बताया कि इससे पहले भी मैंने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कहा था कि पुलिस मुझे कब गिरफ्तार करेगी, इसकी जानकारी मुझे दें। लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। नवरात्रि के चलते मैंने गिरफ्तारी नहीं दी, अब मैं खुद पुलिस को गिरफ्तारी दूंगा।विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से सपा कार्यकर्ता सम्राट विकास यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके पक्ष में पनकी थाने जाकर अपनी बात कहने और अपने साथी के साथ खड़े रहने के विरोध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया।लोकतंत्र में थाने जाना, अपने हक की बात करना हम लोगों का अधिकार एवं कर्तव्य दोनों है। लेकिन शायद शासन प्रशासन नहीं चाहता की हम लोग अपने अधिकारों की बात करें, इसलिए दमन के उद्देश्य से एक मुकदमा हमारे एवं हमारे साथियों के ऊपर दर्ज कर लिया गया है।
ईद के दिन सपा नेता सम्राट विकास यादव को आचार संहिता के उल्लंघन में अर्मापुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बवाल की आशंक पर अर्मापुर की बजाए उन्हें पनकी थाने में रखा गया। लेकिन सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और गठबंधन के लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पनकी थाने का घेराव किया। सपा नेता सम्राट को छुड़ाने के लिए थाने पर 2 से 3 घंटे तक हंगामा और धरना-प्रदर्शन चला।इसके बाद पुलिस ने सम्राट को जमानत पर छोड़ दिया था। इसके बाद सपा नेता को छुड़ाने के लिए पनकी थाने में धरना-प्रदर्शन और हंगामा करने वाले सपा विधायक और लोकसभा प्रत्याशी समेत 200 कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।