(बैसाखी) का पावन पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, साकेत नगर, कानपुर में खालसा साजना दिवस (बैसाखी) का पावन पर्व बड़ी धूमधाम, श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन नितनेम से हुई, जिसे गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी भाई रणवीर सिंह ने संपन्न कराया। इसके उपरांत स्त्री सत्संग सभा द्वारा सुखमनी साहिब का पाठ एवं भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर भाई रकम सिंह ने “आसा दी वार” का रसपूर्ण कीर्तन कर संगत को निहाल किया तथा बैसाखी के ऐतिहासिक महत्व से संगत को अवगत कराया। उन्होंने “इन्हीं की कृपा से सजे हम हैं” जैसे शब्दों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक पाठ की समाप्ति संगत द्वारा नवें महले के श्लोकों के पाठ के साथ की गई। गुरुद्वारा सभा के प्रधान सरदार अवतार सिंह भाटिया जी ने संगत को खालसा साजना दिवस एवं बैसाखी की हार्दिक बधाई दी। वहीं, जनरल सेक्रेटरी सरदार मंजीत सिंह चड्ढा जी ने मंच संचालन करते हुए सभी को शुभकामनाएं एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान हेतु गुरुद्वारा साहिब द्वारा “निष्काम सेवा सम्मान” से डॉ. बीपीनजीत सिंह सलूजा एवं सिख समाज कानपुर के प्रेसिडेंट सरदार गुरविंदर सिंह वासु को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सरदार सुरिंदर सिंह कालरा, सरदार सुरजीत सिंह चड्ढा, सरदार मंजीत सिंह ठुकराल, हरजिंदर सिंह चड्ढा सरदार कुलजीत सिंह बिंद्रा, अमित अरोड़ा, मंजीत सिंह गांधी सरदार बलविंदर सिंह वासन सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।अंत में, गुरुद्वारा साहिब में लंगर की सेवा खालसा सेवा समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धा एवं समर्पण के साथ निभाई गई।
|