सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा से बिना अनुमति अनुपस्थित दो अधिकारियों का वेतन रोका
-मंधना-बिठूर मार्ग के चौड़ीकरण में देरी पर शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज विकास कार्यों की समीक्षा बैठक से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा और उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक सत्यप्रिय का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों और उनकी समीक्षा में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर अंकित योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग की विभागवार समीक्षा की। गत माह विकास कार्यों की रैंकिंग में कानपुर नगर को प्रदेश में 14वां स्थान मिला है। जनपद की 59 योजनाओं को ए ग्रेड, चार को बी ग्रेड, एक को सी ग्रेड और दो योजनाओं को डी ग्रेड प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत बैंक क्रेडिट लिंकेज में डी ग्रेड मिलने तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदर्शन में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन, पोषण अभियान कार्यक्रम की भी समीक्षा कर प्रदर्शन सुधारने को कहा।
मंधना-बिठूर मार्ग के चौड़ीकरण में अनावश्यक विलंब पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली के संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित और शासन की प्राथमिकता से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, जल जीवन मिशन, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, सेतु निगम, सीएंडडीएस, जल निगम अर्बन तथा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को अपनी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर शीघ्र लोकार्पण कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, प्रशिक्षु आईएएस संदीप कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, डीईएसटीओ ईशा शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।