झोला छाप पर कार्रवाई का आईएमए ने लिया प्रण
- आईएमए की नई टीम ने मरीजों की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की नई कार्यकारिणी ने रविवार को पदभार ग्रहण किया। पनकी रोड स्थित आईएमए भवन में आयोजित वार्षिक आमसभा में नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर ने चिकित्सकों और अस्पतालों के हितों की रक्षा के साथ फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।नई कार्यकारिणी ने मरीजों की सुरक्षा, अस्पतालों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और चिकित्सा सेवाओं में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया। इसके साथ ही डॉक्टरों की शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की घोषणा की गई। नई योजना के तहत डॉक्टरों और अस्पतालों से जुड़ी आपात स्थितियों में त्वरित सहायता देने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई जाएगी। इसमें जोनल कमेटी, जिला गाइड, हेल्प डेस्क और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। मरीजों की मृत्यु, इलाज से जुड़े विवाद और अन्य चिकित्सा मामलों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।नई कार्यकारिणी ने क्लीनिक और अस्पतालों के पंजीकरण तथा आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी सहयोग करने का निर्णय लिया। इसके अलावा बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा करने वालों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों और पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कराने पर जोर दिया गया।आमसभा की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने की। उन्होंने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। निवर्तमान सचिव डॉ. शालिनी मोहन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि वित्तीय सचिव डॉ. विशाल सिंह ने वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा पेश किया।बाक्स मेंनई कार्यकारिणी के पदाधिकारी डॉ. अमित सिंह गौर अध्यक्ष, डॉ. दिनेश सिंह सचान उपाध्यक्ष, डॉ. विकास मिश्रा, डॉ. सुमी बिष्ट वाजपेयी और डॉ. गणेश शंकर उपाध्यक्ष, डॉ. दीपक श्रीवास्तव सचिव तथा डॉ. राशि मिश्रा और डॉ. आदित्य त्रिपाठी संयुक्त सचिव बनाए गए। डॉ. दिनेश चंद वित्त सचिव, डॉ. अमर सिंह संयुक्त वित्त सचिव, डॉ. रेणु सिंह महतो वैज्ञानिक सचिव, डॉ. रोहित कुमार संयुक्त वैज्ञानिक सचिव, डॉ. सौरभलुयार और डॉ. अमित कुमार प्रॉपर्टी सचिव, डॉ. गौरव मिश्रा सांस्कृतिक सचिव, डॉ. रजनी सिंह संयुक्त सांस्कृतिक सचिव, डॉ. मानव लखरा खेल सचिव, डॉ. अमित संगेर संयुक्त खेल सचिव, डॉ. मिलन सायन पुस्तकालय सचिव और डॉ. केजी गुप्ता संयुक्त पुस्तकालय सचिव बनाए गए।