धूमधाम से मनाई गई अन्न-कूट पूजा,प्रमुख मंदिरों में लगा 56 भोग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। दिवाली किपाँच दिनों तक चलने वाले पर्व के चौथे दिन परेवा के दिन अन्न-कूट महोत्सव शहर में धूमधाम से मनाया गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में 56 भोग लगाकर पूजा अर्चना किया। प्रमुख मंदिरों में से एक शिवाला स्थित 150 साल पुराने राधा गोपाल मंदिर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार आज शाम को ठाकुर जी का विशेष पूजन और आरती के बाद भजन संध्या होगी। दीपावली की परेवा पर मंदिर में परंपरागत रूप से भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। मंदिर में अन्नकूट महोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। भगवान राधा-कृष्ण का विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद छप्पन भोग सजाकर विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। शाम को भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं को 56 भोग के साथ ही मिष्ठान का प्रसाद दिया जाएगा। मंदिर में अन्नकूट पूजन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इसके अलावा कई तरह के लड्डू, बर्फी, पेड़ा, खस्ता, मीठे और नमकीन व्यंजनों सहित कुल 56 प्रकार के पकवान तैयार किए गए हैं। अन्नकूट के दिन श्याम मंडल कीर्तन मंडली विशेष रूप से मंदिर पहुंचती है। आशीष शुक्ला ने बताया कि मंडल पिछले 35 साल से लगातार यहां भजन-कीर्तन कर रहा है। शाम के समय राधा-कृष्ण के शृंगार के बाद भक्ति संगीत का आयोजन होता है। सैंकडों श्रद्धालु एक साथ भजन-कीर्तन करते हैं और भगवान का प्रसाद ग्रहण करते हैं। गोवर्धन पूजा का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की उस लीला से है, जब उन्होंने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था। पौराणिक कथा के मुताबिक, श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया था। इससे नाराज होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सात दिनों तक ब्रजवासियों व उनके पशुधन को वर्षा से बचाया।
|