सभी कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में गठित होंगे इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, युवाओं में बढ़ेगी निर्वाचन संबंधी जागरूकता
*भावी एवं नव मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए आयोजित होंगी रचनात्मक गतिविधियां
*स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की अध्यक्षता में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के गठन एवं संचालन के संबंध में समीक्षा बैठक विकास भवन में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के सभी कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से निर्वाचन संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने के साथ ही उन्हें मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया जाए। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का संचालन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का प्रमुख उद्देश्य भावी एवं नव मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से परिचित कराना तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सूचित मतदाता के रूप में तैयार करना है। इन क्लबों में विद्यार्थियों की सहभागिता से निर्वाचन संबंधी विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, संवाद सत्र, मॉक पोल एवं निर्वाचन आधारित खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाती है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत शिक्षण संस्थानों में मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम देखने, ऑनलाइन आवेदन करने, ईसीआई नेट ऐप तथा निर्वाचन आयोग की अन्य डिजिटल सुविधाओं के उपयोग की भी जानकारी दी जाए।
बैठक में स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) के अंतर्गत संचालित मतदाता जागरूकता गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, प्रतियोगिताओं एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जागरूकता का संदेश उनके परिवारों एवं समाज तक पहुंचाया जाए। विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में बीएसए हरिओम सिंह, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी सहायक श्रम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।