वट सावित्री व्रत आज, मंगलकामनाओं के साथ महिलाएं करेंगी वट वृक्ष की पूजा अर्चना
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता। आज गुरुवार को महिलाएं मंगलकामनाओं के साथ विधि-विधान से बरगद के वृक्ष की पूजा-अर्चना करेंगी। आचार्यो के अनुसार इस दिन बन रहे धृति योग से महिलाओं को भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होगी।वट सावित्री व्रत का पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। महिलाएं पति की दीर्घायु एवं कुटुम्बजनों के सुख समृद्धि के लिए व्रत रखकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन करेंगी। इस दिन धृति नामक योग भी बन रहा है। इस योग में पूजन से व्रती महिलाओं को भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होगी। वट सावित्री व्रत में प्राचीन समय से बरगद के पेड़ की पूजा करने की परंपरा चली आ रही है। पौराणिक कथा के अनुसार मान्यता है कि वट वृक्ष ने ही सत्यवान के मृत शरीर को अपनी जटाओं के घेरे में सुरक्षित रखा था जिससे कोई उसे नुकसान न पहुंचा सके। इसलिए वट सावित्री व्रत में प्राचीन समय से बरगद की पूजा होती है। ऐसा माना जाता है कि बरगद के वृक्ष में भगवान ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों का वास होता है। इसकी पूजा करने से पति के दीर्घायु होने के साथ ही उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री अपने पति के प्राणों को यमराज से छुड़ाकर ले आई थीं।