पत्नी पर अश्लील कमेंट पर दोस्त को गोली मार गंगा में फेंका।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भैरव घाट पर रविवार तड़के एक युवक ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी और शव गंगा नदी में फेंक दिया। घाट पर मौजूद लोगों ने शव को नदी में फेंकता देख शोर मचा दिया और आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोस्त की नजर उसकी पत्नी पर थी, इसलिए मैंने उसकी कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि सुल्तानपुर के मेहरूबा गांव का रहने वाला सुनील सिंह जूही इलाके में किराए के मकान में रहता था। अपने भांजे शुभम के साथ वो पार्टनरशिप में बैग बनाने का काम करता था। बैग बनाने का कारखाना जूही इलाके में ही विपिन निगम के घर पर लगा रखा था। सुनील सिंह और विपिन निगम में दोस्ती हो गई थी।
शनिवार देर रात दोनों एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान सुनील ने विपिन की पत्नी के बारे में अश्लील कमेंट किए। विपिन ने पुलिस को बताया कि सुनील की उसकी पत्नी पर गंदी नजर थी। पत्नी के बारे में गंदी बात सुन वह बौखला गया था। इसीलिए सुबह उसने सुनील को भैरव बाबा के दर्शन के लिए बुलाया और गंगा नदी के किनारे ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी।
एसीपी कर्नलगंज त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि विपिन अपने दोस्त सुनील को सुबह भैरव बाबा घाट लेकर पहुंचा। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी विपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।