महाशिव रात्रि पर मंदिरों व देवालयों में उमडे़ श्रद्धालु
-नगर में रुद्राभिषेक व प्रसाद वितरण के हुये आयोजन
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ आलोक प्रजापति
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता। देवों के देव महादेव के महापर्व महाशिवरात्रि को नगर व क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों की सुन्दरता श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। कई मंदिरों एवं घरों में लोगों ने रूद्राभिषेक कर सुख-शांति की कामना कर जहां मंदिरों में शंकर भगवान के महिलाओं ने गीत गाये। शुक्रवार को नगर के प्राचीन श्रीराम मंदिर, गंगेश्वर नाथ मंदिर, पशुपति नाथ मंदिर, सती माता मंदिर, काली देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, मनकामेष्वर मंदिर में शिव भक्तों ने महाशिवरात्रि पर्व पर पूजा अर्चना करके भगवान शिव से सुख शांति के आर्शीवाद मांगे। इसके अलावा मंदिरों में महिलाओं ने भगवान शिव से सम्बन्धित मंगल गीत गाये। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिये आयोजकों ने मंदिर में प्रसाद के अलावा भांग मिश्रित भगवान शिव की प्रिय ठंड़ाई का वितरण करवाया। मालियों ने अपनी-अपनी दुकानों पर फूल के अलावा धतूरे, भांग, बेलपत्री आदि की भी श्रद्धालुओं के लिये समुचित व्यवस्था की। मंदिरों का भव्य नजारा भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। नगर व क्षेत्र में सैंकड़ों लोगों ने अपने-अपने घरों में विद्वान ब्रहमणों द्वारा रूद्राभिषेक का आयोजन कराया। वरिष्ठ समाजसेवी अशोक गुप्ता, पालिकाध्यक्षा मुन्नी देवी गुप्ता, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री देवेन्द्र देव, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मयंक गुप्ता, विहिप नेता नीरज मिश्रा, व्यापारी नेता अतुल गुप्ता, समाजसेवी देवेन्द्र गुप्ता सभासद प्रतिनिधि धर्मेंन्द्र गुप्ता उर्फ बडे, सुमित सक्सेना, सभासद परमजीत आदि मौजूद रहे।