हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य आस्था की लगाई डुबकी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | गंगा दशहरा पर हजारों श्रद्धालुओं पुण्य की डुबकी लगाई। भोर पहर से ही श्रद्धालु स्नान के लिए गंगा घाटों पर पहुंचने लगे थे। बिठूर के घाटों पर सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। लोगों ने गंगा स्नान कर पूजन किया। इसके बाद दान-दक्षिणा दी। शहर में जगह-जगह शरबत बांटा जा रहा है। गंगा दशहरा मां गंगा के धरती पर अवतरण की स्मृति में मनाया जाता है। मान्यता है कि गंगा दशहरा पर गंगा स्नान से पुण्य और मोक्ष मिलता है। ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान, दान-पुण्य और मां गंगा की आराधना करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है। मां गंगा और भगवान शिव की पूजा कर व्यक्ति सुख, समृद्धि और शांति पाता है। गुरुवार भोर पहर से ही गंगा घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। शहर के सरसैया घाट, अटल घाट और सिद्धनाथ घाट, मैस्कर घाट, गुप्तार घाट समेत सभी घाटों पर लोग गंगा स्नान करते रहे। बिठूर के ब्रह्वावर्त, पत्थर घाट, सीता घाट, महिला घाट, गुदारा घाट, रानी लक्ष्मीबाई घाट पर शहर ही नहीं गैर जिलों के लोग भोर पहर स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। यहां पर जालौन, कालपी, बांदा, हमीरपुर, इटावा, महोबा, उरई, कानपुर देहात के लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे हैं। मां गंगा सेवा समिति गंगा दशहरा पर चुनरी उत्सव मना रहा है। समिति की तरफ से सिद्धनाथ घाट, सरसैया घाट, बिठूर, मैस्कर घाट, गुप्तार घाट में पांच सौ लेकर 11 मीटर तक की चुनरी ओढ़ाने की तैयारी चल रही है।
|