पुलिस के मुखबिर की हत्या करने वाला निकला गांजा तस्करी करने वाला शातिर तस्कर
-कन्नौज पुलिस ने मामले में एक किशोर सहित चार को किया गिरफ्तार
-शातिर तस्कर ने अपने ही एक लेबर को दी थी दो लाख रुपए की सुपारी
-दुर्घटना का रूप देने को एक्सप्रेस वे किनारे फेंका गया था शव
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर तालग्राम थाना क्षेत्र के 179 किमी प्वाइंट पर बीती 4 अक्टूबर को एक 32 वर्षीय युवक का शव मिला था। युवक की पहचान कन्नौज शहर के पकरियाटोला मोहल्ला निवासी सुमित राठौर के रूप में की गई थी।घटना के खुलासे को लेकर जिले के एसपी विनोद कुमार ने तालग्राम थाना प्रभारी शशिकांत कन्नौजिया,सर्विलांस प्रभारी त्रिदेव सिंह को जिम्मेदारी दी गई थी।बताते चलें कि हत्या के मामले में कन्नौज कोतवाली के मौसमपुर मौरारा निवासी सुमित के बहनोई रामरूप राठौर ने तालग्राम थाने में तहरीर देकर कन्नौज के कचहरी टोला निवासी मनीष गुप्ता,याकूब,मुहीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।पुलिस की जांच में उक्त लोगों के अलावा एक नाबालिक किशोर की संलिप्तता भी पाई गई।पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया तो सभी ने अपना अपराध भी स्वीकार किया।हत्या का मुख्य आरोपी मनीष बताया गया है।मनीष के मुताबिक गांजा तस्करी के खेल की जानकारी पुलिस को सुमित देता था और पुलिस का मुखबिर था, जिसके कारण वह कई बार पकड़ा भी जा चुका था।अपने कारोबार के खेल में रुकावट बने सुमित को हटाने के लिए आखिर उसकी हत्या का षडयंत्र रचा गया। इसके लिए मनीष ने अपनी मिक्सिंग मशीन पर काम करने वाले लेबर मुहीन को दो लाख रुपए की सुपारी दी थी।रुपयों के लालच में मुहीन ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
घटनाक्रम के बारे में मनीष ने बताया कि बीती 4 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे के करीब एक कार को पेट्रो पदार्थ से फुल करवाकर मुहीन को दी गई थी। जिसके बाद मुहीन अपने दो अन्य साथियों के साथ सुमित को लेकर आगरा गया था।रास्ते में सुमित को नशा भी कराया गया। बेहोश होने पर सुमित की गला घोंट कर हत्या कर दी गई,जिसके बाद शव को एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर लाकर फेंक दिया गया था,जिससे हत्या एक सड़क हादसा लगे।घटना वाले दिन ही मनीष दिल्ली भाग गया था।पुलिस ने मामले में मनीष, मुहीन, याकूब ,एक नाबालिक 17 वर्षीय आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।घटना में एक कार यूपी 74 ए एन 4900 के अलावा रस्सी, एक तमंचा 12 बोर,एक जिंदा कारतूस,चार मोबाइल,भी बरामद किए हैं।जांच में मनीष का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।घटना के खुलासे में सर्विलांस, एसओजी और तालग्राम पुलिस की टीम को सफलता मिली है।एसपी विनोद कुमार के निर्देशन में घटना का पर्दाफाश किया गया।