आई क्यू अस्पताल में मैनेजर पर यौन उत्पीड़न का आरोप
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | साउथ जोन स्थित सचान चौराहे के पास एक निजी आई अस्पताल में कार्यरत महिला कर्मचारी ने अस्पताल के मैनेजर सुरजीत चटर्जी पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़िता का आरोप है कि मैनेजर ने उससे आपत्तिजनक बातें करते हुए कहा, “जैसा मैं कहूं वैसा करो, नहीं तो दूसरी नौकरी देख लो।” साथ ही वेतन वृद्धि का लालच देने की भी बात कही गई। महिला का कहना है कि जब उसने इन बातों का विरोध किया तो उस पर दबाव बनाया गया। महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि उसने एचआर विभाग में शिकायत की, जहां उसे आश्वासन दिया गया कि कार्रवाई की जाएगी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पीड़िता के अनुसार, पहले भी हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ इस तरह की घटना हो चुकी है।घटना के दिन अस्पताल में एक कार्यक्रम (इनॉग्रेशन) था। पीड़िता का आरोप है कि एचआर टीम की एक सदस्य ने उसे अंदर रहने को कहा और बाहर न निकलने की बात कही। जब उसने मैनेजर को बाहर करने की मांग की तो कथित तौर पर उसे मना कर दिया गया।महिला ने बताया कि जब उसने औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो एचआर विभाग के एक अधिकारी ने कथित रूप से कहा कि यदि परेशानी है तो नौकरी छोड़ सकती हो।आखिरकार पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है।फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
|