डीजे साउंड के नीचे दबने से सफाई कर्मी की मौत |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे एक सफाईकर्मी की डीजे साउंड गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, बिंवार क्षेत्र के बिगहना निवासी 54 वर्षीय राजा पुत्र बाबूलाल ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। 25 फरवरी को वह अपने परिचित ग्राम नरायच निवासी एक सफाईकर्मी के पुत्र की शादी में शामिल होने गए थे। शादी के बाद वह डीजे लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर नरायच से छिरका की ओर लौट रहे थे। बताया जाता है कि नेशनल हाईवे पर छिरका के निकट अचानक ट्रॉली में रखा भारी डीजे साउंड सिस्टम असंतुलित होकर राजा के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में प्रभारी निरीक्षक का चार्ज संभाल रहे चंद्रशेखर गौतम ने बताया कि यदि परिजन चाहेंगे तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक अपने पीछे चार पुत्र और दो अविवाहित पुत्रियां छोड़ गए हैं। घटना से परिवार में शोक की लहर है।
|