पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों की प्रदर्शनी एवं ट्रेड फेयर-2026 का हुआ समापन, बाजार से जुड़ने और डिजिटल लेन-देन अपनाने का आह्वान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर द्वारा अपने कार्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों हेतु प्रदर्शनी एवं ट्रेड फेयर-2026 (दिनांक 12-13 मार्च, 2026) का आज समापन हुआ।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि बलराम नरूला, मैनेजिंग डायरेक्टर, मेसर्स जेट निटवियर्स प्रा0 लि0, कानपुर ने पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने तथा डिजिटल इंडिया अभियान का हिस्सा बनते हुए डिजिटल लेन-देन को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें आधुनिक विपणन और तकनीक के माध्यम से देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने लाभार्थियों को पारंपरिक व्यवसाय को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आधुनिक विपणन व्यवस्था से जुड़ने और डिजिटल भुगतान को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें आगे बेहतर कार्य करने के लिए उत्साहित किया गया।
इस अवसर पर उपनिदेशक एस.के. पाण्डेय, सहायक निदेशक अमित बाजपेयी, सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव (फियो), सहायक निदेशक के.पी. शील एवं सोनिका रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक अविनाश कुमार अपूर्व ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक नीरज कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।