भीषण गर्मी एवं हीट वेव से राहत हेतु प्रमुख स्थल पर खोले प्याऊ
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं भीषण हीट वेव (लू) के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा आमजन को राहत एवं सुरक्षा प्रदान करने हेतु व्यापक, सुदृढ़ एवं युद्धस्तर पर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी हमीरपुर अभिषेक गोयल के निर्देशन में नगरीय निकायों एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से पेयजल, छायादार विश्राम स्थल, स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं आपात व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
नगर पालिका परिषद हमीरपुर द्वारा जनसुविधा के उद्देश्य से 06 प्रमुख स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं, जहाँ निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ 10x10 फीट के छायादार शेड, एयर कूलर एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत सुमेरपुर में 04 पानी के टैंकर, 15 नलकूप एवं 480 हैण्डपम्प पूर्ण रूप से क्रियाशील रखे गए हैं तथा 12 स्थानों पर प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। वहीं नगर पंचायत सरीला क्षेत्र में 03 पानी के टैंकर, 08 नलकूप एवं 31 हैण्डपम्पों के माध्यम से निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है तथा 02 स्थानों पर प्याऊ सुचारू रूप से संचालित हैं।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद राठ के विभिन्न क्षेत्रों में 17 पानी के टैंकर, 38 नलकूप एवं 464 हैण्डपम्पों के माध्यम से आमजन को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है तथा 19 स्थानों पर प्याऊ एवं वाटर कूलर संचालित किए गए हैं। नगर पंचायत कुरारा में 10 तथा नगर पंचायत गोहाण्ड में 05 स्थानों पर प्याऊ एवं वाटर कूलर स्थापित कर जनसामान्य को राहत प्रदान की जा रही है। लू एवं तापघात से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जनपद में अब तक 1,70,000 ओ.आर.एस. (ORS) पैकेटों का निःशुल्क वितरण कराया जा चुका है। साथ ही सभी चिकित्सीय इकाइयों में लू-तापघात से प्रभावित मरीजों के त्वरित उपचार हेतु 47 ‘कोल्ड रूम’ स्थापित किए गए हैं। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं सी.एच.ओ. (CHO) सेंटर्स में विशेष ‘ओ.आर.एस. कॉर्नर’ स्थापित करते हुए स्वच्छ पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।