बाढ़ आपदा से निपटने हेतु जनपद में आज से होगा वृहद राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन
जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रशासनिक तैयारियों का होगा व्यापक परीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l संभावित बाढ़ आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद हमीरपुर में 11 जून, 2026 को राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राकेश कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित होने वाले इस मॉक ड्रिल में इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) को सक्रिय करते हुए बाढ़ आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। इस अभ्यास के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्यक्षमता, संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागीय समन्वय का परीक्षण किया जाएगा। मॉक ड्रिल का आयोजन प्रातः 9 बजे से जनपद के तीन चिन्हित स्थलों पर किया जाएगा। ग्राम केसरिया का डेरा में बाढ़ की पूर्व चेतावनी, मुनादी, संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी एवं शरणालय तक पहुंचाने की कार्यवाही का प्रदर्शन किया जाएगा। बेतवा पुल के नीचे एवं तटबंध क्षेत्र में बाढ़ में फंसे व्यक्तियों के खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू) अभियान तथा प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा में बाढ़ शरणालय स्थापित कर राहत शिविर, फील्ड अस्पताल, पशु चिकित्सा शिविर, कैम्प स्कूल, भोजन एवं राहत सामग्री वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु स्टेजिंग एरिया भी स्थापित किया जाएगा, जहां जेसीबी, एम्बुलेंस, जनरेटर एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे।