नगर आयुक्त ने घंटाघर और सेंट्रल स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों का किया निरीक्षण
-आसपास गंदगी-अतिक्रमण पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को फटकारा, रैन बसेरे में कमियों को सही करने का निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। रेलवे स्टेशन के आसपास बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने घंटाघर और सेंट्रल स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय, रेलवे गोदाम के निकट बने टॉयलेट, रैन बसेरे, साफ-सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों में गंदगी, कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और अतिक्रमण मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते हैं। ऐसे में स्टेशन के बाहर की व्यवस्था शहर की पहली छवि प्रस्तुत करती है। इसे ध्यान में रखते हुए स्टेशन के आसपास पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलते ही बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी टॉयलेट साफ-सुथरे, उपयोगी और नियमित रूप से संचालित रहें, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शौचालय शहर की बुनियादी जरूरतों में शामिल हैं और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद नगर आयुक्त ने रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। वहां मौजूदा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलनी चाहिए। निरीक्षण में साफ-सफाई समेत कुछ कमियां भी सामने आईं, जिन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन के आसपास फैले अतिक्रमण पर भी नगर आयुक्त ने चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों के साथ सड़क चौड़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए बेहतर आवागमन और ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा की। साथ ही अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने और अंधेरे वाले स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र को शहर का एंट्री प्वाइंट मानते हुए यहां सौंदर्याकरण, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान जो समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान जल्द कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान श्री विद्या सागर जोनल अधिकारी-1, आलोक श्रीवास्तव जोनल अभियन्ता, राजकुमार अधिशाषी अभियन्ता जलकल, अमित कुमार जोनल स्व0 अधिकारी आदि उपस्थित रहे।