केंद्रीय श्रम संगठनों और किसान मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन 29 जुलाई को
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर ।केंद्रीय श्रम संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा का एक संयुक्त सम्मेलन 29 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। जिसमें देश भर से श्रम संगठनों और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य एकत्र होंगे। सम्मलेन में श्रमिकों और किसानों के वर्तमान हालातों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आज के परिदृश्य में किसानों और मजदूरों के अधिकारों तथा उनके हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर पूरी मजबूती के साथ कैसे उठाया जाए। इस पर भी गंभीरता से मंथन किया जाएगा। ओईएफ फूलबाग कानपुर किला मजदूर यूनियन के महामंत्री समीर बाजपेई ने बताया कि सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने गुरुवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य मल्लिकार्जुन खड़गे से नई दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात करी। इस दौरान अशोक सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे को पीताम्बर वस्त्र ओढ़ाकर उनका अभिवादन किया और 29 जुलाई को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले श्रमिकों और किसानों के संयुक्त सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आमंत्रण पत्र स्वीकार कर सम्मेलन में शामिल होने का आश्वासन दिया । साथ ही श्रमिकों और किसानों के मुद्दों पर आयोजित होने जा रहे महत्वपूर्ण सम्मेलन की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अशोक सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे जी की उपस्थिति से सम्मेलन को एक नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी। जिससे श्रमिकों और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर पूरी मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा
|