जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन, नन्द बाबा दुग्ध मिशन के 28 लाभार्थियों को मिले चयन पत्र
*मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में हुआ कार्यक्रम, किसानों को दी गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर उत्तर प्रदेश सरकार के दुग्ध विकास विभाग द्वारा विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई तथा डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना 2026-27 के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चयन पत्र वितरित किए गए।
जिला दुग्ध विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत बाह्य प्रदेश से स्वदेशी नस्ल की गाय खरीदने पर किसानों को 40 प्रतिशत (अधिकतम 80,000 रुपये) का अनुदान प्रदान किया जाता है। उन्होंने नंदिनी कृषक समृद्धि योजना एवं मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के बारे में किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने की अपील की। श्री सन्तोष कुमार ने दुग्ध विकास विभाग द्वारा संचालित दुग्ध नीति योजना के बारे में भी बताया जिसमें नया डेयरी प्लांट या मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट लगाने पर 35 प्रतिशत
अनुदान मिलने की व्यवस्था है
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा पशुपालकों को विभागीय सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं उप निदेशक कृषि एवं जिला उद्यान अधिकारी ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं से किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रामजी गुप्ता ने पशुओं के वैज्ञानिक पालन-पोषण, बेहतर रखरखाव तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से आह्वान किया गया कि वे राज्य सरकार द्वारा संचालित दुग्ध एवं पशुपालन संबंधी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें तथा डेयरी व्यवसाय को आत्मनिर्भर एवं लाभकारी बनाएं।