बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने किया निरीक्षण, निरोधात्मक गतिविधियां तेज
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक कल्याणपुर डॉ. राजेश सिंह, मलेरिया निरीक्षक मंजीत कुमार यादव एवं गौतम पुरवार, लैब टेक्नीशियन गणेश चन्द्र शंखवार तथा जनपदीय टीम द्वारा विकासखंड कल्याणपुर के बाढ़ प्रभावित ग्राम बनिया पुरवा एवं चयन पुरवा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बुखार सर्वेक्षण एवं जांच, सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का जायजा लिया गया और ग्रामीणों को संचारी एवं वाहक जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
जिला मलेरिया टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा नियंत्रण, बुखार सर्वेक्षण, आवश्यक जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर के अधीक्षक को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, सोर्स रिडक्शन गतिविधियों का भौतिक निरीक्षण करने तथा आश्रय स्थलों में रह रहे लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम से समन्वय कर प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से शाम के समय फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया गया।
*बेंदा में मलेरिया केस मिलने पर निरोधात्मक कार्रवाई, 629 घरों का सर्वेक्षण*
घाटमपुर के बेंदा क्षेत्र में मलेरिया का एक केस सामने आने पर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई पूरी कराई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे, नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे तथा फॉगिंग कराई गई। जनमानस से घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने तथा खुले शरीर को मच्छरों से बचाने के लिए रिपेलेंट क्रीम का प्रयोग करने और शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की गई।
जनपदीय टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में 585 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 9 घर लार्वा धनात्मक पाए गए तथा 14 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया। कुल 4373 पात्रों की जांच की गई। वहीं बनिया पुरवा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 79, चयन पुरवा में 13 तथा बेंदा में 31 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें क्रमशः 9, 13 और 31 मरीजों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें कोई भी मलेरिया पॉजिटिव नहीं पाया गया। डेंगू जांच के लिए कोई सैंपल एसएसएच लैब नहीं भेजा गया।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन 0512-2526004 एवं 0512-2526005 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।