एडीजी जोन ने त्योहारों को लेकर समस्त जनपद प्रभारियों के साथ की समीक्षा गोष्ठी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर जोन के समस्त जनपद प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, आगामी शारदीय नवरात्रि, विजयदशमी (दशहरा) पर्व तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के संबंध में समीक्षा गोष्ठी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी के दौरान आगामी पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक पुलिस प्रबंध समय से सुनिश्चित करने, दुर्गा पूजा पण्डालों एवं पूजा स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का पूर्व में निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, पण्डालों में प्रवेश एवं निकास मार्ग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आयोजकों एवं संबंधित समितियों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर सतर्क दृष्टि रखने, निरंतर गश्त एवं फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने और अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की सतत निगरानी करने तथा किसी भी अफवाह अथवा अप्रिय स्थिति पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। विजयदशमी पर्व के दृष्टिगत रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समयबद्ध समीक्षा करने तथा सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता, तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया। समीक्षा गोष्ठी में आकाश कुलहरि, पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी एवं यमुना प्रसाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर उपस्थित रहे।
|