आय के नए स्रोत विकसित कर आत्मनिर्भर बनें नगर निकाय : जिलाधिकारी
*गृहकर जमा करने के लिए नागरिकों को करें प्रोत्साहित, कर आधार बढ़ाने पर जोर
*मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा, पार्कों, सार्वजनिक शौचालयों और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।नगर निकाय अपनी आय बढ़ाने के लिए नए स्रोत विकसित करें और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने आज सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद के नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निकायों की आय बढ़ने से नागरिक सुविधाओं के विकास और उनके रखरखाव की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को गृहकर जमा करने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकाय अपने कर आधार (टैक्स बेस) का विस्तार करें तथा राजस्व के नए स्रोत विकसित करने पर विशेष ध्यान दें, जिससे निकायों की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ हो सके।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने घरों से कूड़ा संग्रहण, उसके परिवहन एवं निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में नियमित साफ-सफाई के साथ प्रभावी कूड़ा प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निकायों में पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था तथा स्ट्रीट लाइट की स्थिति में सुधार लाने पर जोर दिया। साथ ही बिल्हौर में गोशाला की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से जनसुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री सौरभ सिंह, नगर पालिका परिषद घाटमपुर एवं बिल्हौर तथा नगर पंचायत शिवराजपुर एवं बिठूर के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।