आईएमए रेड टीम का शानदार प्रदर्शन काॅनपोर सुपर किंग्स टीम को किया पराजित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर शाखा द्वारा टीम आईएमए 2026-27 के तत्वावधान में आयोजित आईएमए टी-20 ट्रायएंगुलर लेदर बॉल क्रिकेट सीरीज का सेमीफाइनल मुकाबला आज टीएसएच मैदान पर आईएमए रेड एवं कॉनपोर सुपर किंग्स के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आईएमए रेड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉनपोर सुपर किंग्स को 7 विकेट से पराजित किया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कॉनपोर सुपर किंग्स की टीम ने निर्धारित 22 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। टीम की ओर से डॉ. शुभम चतुर्वेदी ने 54 रनों की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईएमए रेड की टीम ने दक्ष गडी के 45 रन एवं डॉ. राहुल के नाबाद 32 रनों की बदौलत मात्र 15.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाकर जीत दर्ज की।
आईएमए रेड की ओर से डॉ. विनीत रस्तोगी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच एवं बेस्ट बॉलर चुना गया। वहीं कॉनपोर सुपर किंग्स के डॉ. शुभम चतुर्वेदी को बेस्ट बैटर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला में आईएमए ब्लू, आईएमए रेड एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) की टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव एवं वित्त सचिव डॉ. दिनेश चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस श्रृंखला को सफल बनाने में स्पोर्ट्स सब कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. सी. निहलानी, को-चेयर डॉ. गौरव दुबे, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. दिनेश सचान, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. मानव लूथरा, संयुक्त स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. अभिनव सेंगर तथा कोऑर्डिनेटर्स डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ. विकास श्रीवास्तव, डॉ. विनीत रस्तोगी एवं डॉ. मोहम्मद इरफान का विशेष योगदान रहा।