गंगा फोर्स जवानों ने विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर । गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से गंगा टास्क फोर्स द्वारा लाला कालिका प्रसाद श्रीवास्तव इंटर कॉलेज चकेरी, कानपुर में गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव एवं कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। गंगा ट्रांसपोर्ट द्वारा लगातार गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विद्यालय में विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करने की पहल की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक नीरज प्रकाश श्रीवास्तव की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को गंगा नदी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि गंगा हमारी राष्ट्रीय धरोहर होने के साथ-साथ करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। इस अवसर पर गंगा ट्रांसपोर्ट के सूबेदार रणवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जल प्रदूषण, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा नदियों के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। यदि आज की युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेती है, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे गंगा एवं अन्य जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक तथा पूजन सामग्री न डालें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने भी विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई एवं पौधे वितरित किए। गंगा टास्क फोर्स का उद्देश्य केवल गंगा तटों की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसामान्य, विद्यार्थियों और युवाओं को साथ जोड़कर गंगा संरक्षण को एक जन-आंदोलन का रूप देना भी है। कार्यक्रम का संदेश रहा कि स्वच्छ गंगा, सुरक्षित पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।