स्व. दीपक शर्मा की स्मृति में आधुनिक सरकारी कम्पोजिट विद्यालय का लोकार्पण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कक्षा 01 से 08 तक संचालित कंपोजिट विद्यालय हाता सवाई सिंह के आधुनिकीकरण, डिजिटल बोर्ड एवं सुंदरीकरण कार्य का आज अत्यंत भावनात्मक, गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में लोकार्पण सम्पन्न हुआ।इस आधुनिक विद्यालय का उद्घाटन स्वर्गीय भाजपा पार्षद दीपक शर्मा की धर्मपत्नी दीपा शर्मा के कर कमलों द्वारा कराया गया। क्षेत्रीय वरिष्ठ समाजसेवी एवं सम्मानित नागरिक राजन पांडेय द्वारा विधायक अमिताभ बाजपेयी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं वंदना बाजपेयी द्वारा मुख्य अतिथि दीपा शर्मा को सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत दीपा शर्मा द्वारा विद्यालय का विधिवत फीता काटकर लोकार्पण किया गया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 19 अप्रैल को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विधायक अमिताभ बाजपेयी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि स्व. दीपक शर्मा एक शिष्ट, मिलनसार एवं सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाले जनप्रतिनिधि थे तथा उनके परिवार का सदैव सम्मान एवं सहयोग किया जाएगा। आज का यह कार्यक्रम उसी भावना का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। इसी क्रम में वार्ड माहेश्वरी मोहाल स्थित कंपोजिट विद्यालय हाता सवाई सिंह में विधायक निधि से निर्मित 03 नए कमरों एवं आधुनिकीकृत विद्यालय का लोकार्पण दीपा शर्मा द्वारा किया गया। पूरे क्षेत्र में यह कार्यक्रम चर्चा का विषय बना रहा। विधायक अमिताभ बाजपेयी ने घोषणा की कि सरकारी विद्यालय को स्वर्गीय दीपक शर्मा की स्मृति से जोड़ा जाएगा, क्योंकि वे ऐसे जनप्रतिनिधि थे जिन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान सरकारी विद्यालय के शिक्षकों द्वारा आधुनिक स्मार्ट क्लास- डिजिटल बोर्ड सुविधाओं का प्रदर्शन भी किया गया। डिजिटल शिक्षा प्रणाली, स्मार्ट बोर्ड, आधुनिक शिक्षण तकनीक एवं बच्चों के लिए तैयार किए गए नए शैक्षणिक वातावरण को देखकर अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा: “शिक्षा किसी पार्टी की नहीं होती, बच्चों का भविष्य किसी विचारधारा से बड़ा होता है। यदि समाज के लिए अच्छा कार्य करने वाले लोगों को सम्मान दिया जाए तो लोकतंत्र और मजबूत होता है। हमारा प्रयास है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को भी सम्मानजनक और आधुनिक शिक्षा वातावरण मिले। कार्यक्रम में वंदना बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शिक्षकगण, महिलाएँ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
|