अचानक नाला धंसने से बीएड परीक्षार्थी कीचड़ में गिरे, एडमिट कार्ड-कपड़े खराब
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मकराबटगंज स्थित एचएन मिश्रा कॉलेज में बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए दर्जनों परीक्षार्थी उस समय बाल-बाल बच गए, जब अचानक पास का नाला फट गया और परीक्षार्थी उसमें गिर गए। परीक्षा के तनाव के बीच हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू किया गया।
एचएन मिश्रा कॉलेज में बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित होनी थी। कॉलेज तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा केंद्र की ओर बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क किनारे बने नाले की स्लैब धंस गई। इससे वहां से गुजर रहे कई परीक्षार्थी नाले के गंदे पानी में गिर गए। नाले में गिरने से छात्रों की किताबें, प्रवेश पत्र और कपड़े खराब हो गए। स्थानीय लोग और अन्य परीक्षार्थियों की मदद से गिरे हुए छात्रों को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। छात्रों और अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परीक्षा देने आए छात्रों का कहना है कि वे पहले से ही मानसिक तनाव में थे और इस हादसे ने उनकी रही-सही हिम्मत भी तोड़ दी।