'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य शुभारंभ
-81 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पहल 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ रविवार को उत्साह, जनसहभागिता एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष जनपद में 81 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का शुभारंभ मुख्य कार्यक्रम स्थल कनौटा वन ब्लॉक, कालपी रोड, हमीरपुर से किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की सचिव एवं जनपद की नोडल अधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने की, जबकि हमीरपुर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद, ब्लॉक प्रमुख कुरारा आशीष पालीवाल, नगर पंचायत कुरारा की अध्यक्ष श्रीमती आशारानी कबीर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।इस मौके पर मा. अतिथियों द्वारा जन सामान्य को पौधे भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि श्याम बिहारी गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और जैव विविधता का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के प्रत्येक ग्राम में 'हरिशंकरी' (पीपल, बरगद एवं पाकर) का एक साथ रोपण कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
जनपद की नोडल अधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर वन विभाग द्वारा लगभग 6,400 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वन विभाग सहित 26 विभागों एवं जनसामान्य के सहयोग से पूरे जनपद में 81 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।
हमीरपुर सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान समाज एवं प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने अधिकाधिक जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी पर आधारित व्यापक पर्यावरणीय जनआंदोलन है। लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग, नियमित मॉनिटरिंग एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर अधिकतम बनी रहे और जनपद का हरित क्षेत्र निरंतर बढ़ सके।
कार्यक्रम के उपरांत नोडल अधिकारी श्रीमती माला श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न स्थलों पर संचालित वृक्षारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन हमीरपुर, कुछेछा डिग्री कॉलेज परिसर तथा गौशाला छानी में पौधारोपण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को सफल बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।