एडीजी जोन ने कानपुर जोन के समस्त प्रभारियों के साथ अपराध एवं कानून व्यवस्था पर की समीक्षा गोष्टी
-गम्भीर अपराधों में सशक्त पैरवी कर अधिकाधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के दिए गए निर्देश |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के समस्त जनपद प्रभारियों के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा गोष्ठी की गयी।गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल अपराध, आगामी चुनावों की सुरक्षा तैयारियों, आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों, साइबर अपराध, लंबित विवेचनाओं, सोशल मीडिया मॉनीटरिंग, ऑपरेशन कन्विक्शन तथा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही की गहन समीक्षा की गयी ।अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के अनुरूप सक्रिय, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों तथा चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही व गंभीर अपराधों में सशक्त पैरवी कर अधिकाधिक अभियुक्तों को सजा दिलाने के निर्देश दिए गए । संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया ।महिला अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही, पीड़िताओं को प्रभावी सहायता तथा महिला सुरक्षा अभियानों की निरंतर समीक्षा व जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा प्रभावी मॉनीटरिंग करने के साथ आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी त्योहारों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी गश्त एवं पेट्रोलिंग तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करनें के निर्देश भी दिए गए।साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही एवं जन-जागरूकता, लंबित विवेचनाओं के वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक/अफवाहजनक सूचनाओं का तत्काल खंडन एवं तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार पर विशेष बल दिया गया। इसके उपरान्त अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन द्वारा जनपद कानपुर देहात के थाना अमराहट, गजनेर, बरौर, भोगनीपुर, रनियां, रसूलाबाद, राजपुर, सट्टी व सिकन्दरा में ई-मालखाना द्वितीय फेज का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया गया। ई-मालखाना प्रणाली के अंतर्गत प्रत्येक माल मुकदमाती को यूनिक QR कोड के साथ पंजीकृत किया जाएगा। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित माल मुकदमाती का पूर्ण विवरण तत्काल उपलब्ध होगा। इससे माल मुकदमाती के रख-रखाव में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं त्वरित अनुरेखण सुनिश्चित होगा।गोष्ठी में आकाश कुलहरि, पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी एवं यमुना प्रसाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।