उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।उद्यमियों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में शुक्रवार को मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं रखीं।
औद्योगिक क्षेत्रों में सीवर लाइन डाले जाने की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइट-1, 2, 3, 4 एवं 5 के एसटीपी का आंगणन उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है और शासन से अनुमति की कार्यवाही प्रचलित है। दादानगर, अपट्रॉन एस्टेट एवं इस्पात नगर का सर्वे भी पूर्ण हो चुका है। मण्डलायुक्त ने बजरंग बली औद्योगिक आस्थान का सर्वे एक सप्ताह में पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फजलगंज क्षेत्र के चक-84 में सीवर लाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त छोड़ी गई सड़क का निर्माण कराने तथा संबंधित उद्यमी संगठन से संतुष्टि प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र के नालों की प्वाइंट-टू-प्वाइंट सफाई कराने के लिए अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया।
*जाम और सड़क की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
एलएमएल चौराहे से भौंती बाईपास तक नगर निगम सीमा क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधरोपण तथा उनके समुचित रख-रखाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। ग्रीन बेल्ट पर दोबारा हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए पुलिस विभाग से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
दादानगर से विजय नगर की ओर जाने वाली लेन की खराब स्थिति और पीक आवर्स में जाम की समस्या पर मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार के लिए शासन स्तर से बजट उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी। उद्यमियों ने मेट्रो कार्यों के कारण पीक आवर्स में यातायात प्रभावित होने की समस्या भी उठाई।
भाटिया तिराहे से आगे पनकी ओवरब्रिज पर गड्ढों के कारण लगने वाले जाम पर मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को सड़क के गड्ढे भरने तथा पुल की स्थायी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस उपायुक्त यातायात को आवश्यकतानुसार यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
भौंती फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर मण्डलायुक्त ने ओवरहेड बैरियर लगवाने के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात को निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, केस्को, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, कानपुर विकास प्राधिकरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, यूपीसीडा, एनएचएआई, जीएसटी, श्रम, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उद्यमी संगठनों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण के लिए मण्डलायुक्त का आभार व्यक्त किया। अंत में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं उद्यमी प्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।