अनुसूचित जाति-जनजाति उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
*सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने और जनसुनवाई के प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।सर्किट हाउस, कानपुर नगर में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुंडे की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्पीड़न से संबंधित मामलों तथा प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सदस्य रमेश चंद्र कुंडे ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित शिकायतों और उत्पीड़न के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त को समन जारी कर संबंधित प्रकरण के आवश्यक साक्ष्यों सहित आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। सदस्य ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई करें और शिकायतकर्ताओं को प्रभावी राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राम प्रताप पाल, पीआरओ सुधीर कुमार, राजेश सचान सहित जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।