सीएचसी परिसर में खुले में कचरा फेंके जाने का आरोप
- नागरिकों ने सीएमओ को पत्र लिखा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।कसबा पतारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी के गंदे कपड़ों एवं मेडिकल कचरे को खुले में फेंके जाने से गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। नागरिकों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र लिखकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सीएचसी परिसर के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी के दौरान इस्तेमाल होने वाले गंदे कपड़ों एवं अन्य मेडिकल कचरे को खुलेआम फेंका जा रहा है। इसके कारण आसपास के क्षेत्र में अत्यधिक गंदगी फैल रही है और भयंकर दुर्गंध आ रही है। नागरिकों का आरोप है कि इस गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीवन दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों को लगातार बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आम जनता के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। बताया कि इस संबंध में जब अस्पताल के अधिकारियों से शिकायत की जाती है, तो कोई संतोषजनक सुनवाई नहीं होती। केवल यह कहकर बात टाल दी जाती है कि कचरा यहीं एकत्रित किया जाता है, जबकि खुले में इस प्रकार गंदगी फैलाना आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। नागरिकों ने सीएमओ को भेजे गए पत्र में कहा है कि पतारा सीएचसी में खुले में फेंके जा रहे डिलीवरी के गंदे कपड़ों एवं मेडिकल कचरे की तत्काल जांच कराई जाए। मेडिकल कचरे का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। अस्पताल परिसर एवं आसपास फैली गंदगी की तत्काल सफाई कराई जाए। इसके साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि मामला जनता के स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ा हुआ है।