गोविंदपुरी पुल से 40 फीट नीचे गिरा युवक, हैलट में एडमिट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गोविंदपुरी पुल पर गुरुवार देर रात एक बाइक सवार युवक बेकाबू होकर पुल से नीचे गिर गया। युवक की बाइक पुल की रेलिंग से टकराई और वह झटके से उछलकर रेलिंग के पार निकल गया। वह जमीन पर आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी क्षेत्रिय पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलने पर गोविंदनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए हैलट में भर्ती कराया। जिसके बाद युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। जरौली के फेस वन निवासी सोलोमियट रॉबर्ट सर्वोदय नगर में एक प्राइवेट अस्पताल में मेडिकल स्टॉफ के रूप में काम करते हैं। गुरुवार रात को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह वापस अपने घर जरौली जा रहे थे। उनका ममेरा भाई सनी भी उनके साथ दूसरी बाइक से साथ जा रहा था।दोनों गोविंदपुरी पुल पार कर रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुरी पुल पर बाइक मोड़ने के दौरान सोलोमियट की बाइक बेकाबू हो गई और वह रेलिंग से टकरा गई। बाइक टकराने से रेलिंग भी टूट गई। युवक की बाइक तो पुल के ऊपर ही रह गई, लेकिन युवक नीचे आ गिरा। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर उनका ममेरा भाई सनी और अन्य राहगीर मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
गोविंदनगर थाने के कार्यवाहक प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। अगर परिजन कोई तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।