सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत ही रास्ता: मंडलायुक्त
-अटल आवासीय विद्यालय रामपुर नरुवा में छात्रों को दिया मेहनत का मंत्र, बड़े सपनों की तैयारी
-अटल आवासीय विद्यालय में दी जा रही है आईआईटी और नीट की कोचिंग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने आज रामपुर नरुवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों से संवाद कर उन्हें सफलता के गुर बताए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि छात्र प्रगति के लिए एकाग्रता, घर की याद से ऊपर उठकर लक्ष्य पर केंद्रित रहना और निरंतर अध्ययन का अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। मंडलायुक्त ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि बड़ी से बड़ी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मजबूत बुनियाद और नियमित अभ्यास से प्राप्त होती है। उन्होंने आवासीय वातावरण को अवसर बताते हुए अनुशासन और समय प्रबंधन को अपनाने पर बल दिया।मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि फाउंडेशन स्तर से मिल रहा यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए व्यवस्थित और संरचित आधार प्रदान कर रहा है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अवधारणात्मक स्पष्टता और निरंतर मूल्यांकन को सफलता की कुंजी बताया। विद्यालय में कक्षा 8, 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए आईआईटी और नीट की तैयारी हेतु फाउंडेशन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इनका संचालन मैथआईआईटी, त्रिवेंद्रम के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे लगभग 330 विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। इस पहल के माध्यम से छात्रों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की संरचना और अभ्यास आधारित तैयारी का मार्गदर्शन मिल रहा है। मैथिट आईआईटी के एमडी अजीत दुबे ने तैयारी से जुड़ी बारीकियों से अवगत करायाउल्लेखनीय है कि अटल आवासीय विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को आवासीय सुविधा सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। फाउंडेशन कक्षाओं के संचालन से इन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की दिशा में सुदृढ़ शैक्षणिक आधार मिल रहा है। कार्यक्रम में एनयूपीपीएल के सीईओ एस. दुरई कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। अतिथियों का स्वागत प्रधानाचार्य एस.के. पाण्डेय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी एस.के. सिंह ने किया तथा मंच संचालन आर. शुक्ला द्वारा किया गया।