कुशल चिकित्सकों द्वारा मुफ्त में की गई 71 आंख रोग मरीजों की जांच |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कुरारा, हमीरपुर l कुरारा ब्लॉक के ग्राम शंकरपुर में एक निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भाजपा अनु मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष संध्या वर्मा द्वारा योगेन्द्र अनुरागी के आवास पर लगाया गया था। इसमें कुल 71 मरीजों की आँखों की जांच की गई।शिविर में मरीजों की आँखों का परीक्षण डॉ. सुरेश कुमार और डॉ. सी.पी. गुप्ता ने किया। चश्मे की जांच नेत्र परीक्षण अधिकारी रवि सचान ने की। इसके अतिरिक्त, ए.एन.एम. ने बी.पी. की जांच की, जबकि एल.टी. कुरारा ने ब्लड शुगर की जांच की।
जांच किए गए 71 मरीजों में से 17 मोतियाबिंद के रोगी पाए गए, जबकि 5 मरीजों को नाखूना की समस्या थी। शेष मरीजों के चश्मे की जांच की गई। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं मोतियाबिंद के मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उनके पर्दे की जांच की जाएगी, जिसके बाद बिना टांके और बिना इंजेक्शन के आधुनिक फेको विधि से निःशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे। जिन मरीजों की आंखों की रोशनी कम पाई गई, उन्हें निःशुल्क चश्मे दिए जाएंगे।इस अवसर पर डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि वे गांव-गांव में निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित कर रहे हैं और लोगों की आंखों का निःशुल्क ऑपरेशन व चश्मा वितरण करवा रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवा जारी रखने का संकल्प दोहराया और अस्पताल में किसी भी परेशानी में मदद का आश्वासन दिया।