केंद्रीय कृषि मंत्री ने केवीके के किसानों से किया संवाद
-वैज्ञानिक पद्धतियों एवं नवाचारों से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव:शिवराज सिंह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आईसीएआर अटारी जोन 3 के निदेशक डॉ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मसौधा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण एवं कृषक संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। डॉ सिंह ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों से संवाद किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंत्री शिवराज सिंह ने आधुनिक कृषि तकनीकों, ड्रोन उपयोग, यंत्रीकरण और फसल विविधीकरण को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों एवं नवाचारों से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने विशेष रूप से प्रगतिशील कृषक शोभाराम की एकीकृत कृषि प्रणाली तथा सबीना खातून द्वारा ड्रोन तकनीक के नवाचारों की सराहना की। किसानों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर डॉ. आर बी सिंह, प्रसार निदेशक आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय कृषि मंत्री एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में अमरूद का पौधरोपण किया गया।