नदी नहाने गए दो बच्चों में से एक की डूबने से मौत |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला,हमीरपुर l जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिलगांव गांव के पास बिरमा नदी में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे 12 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे बिलगांव निवासी सुधाचंद्र का 12 वर्षीय पुत्र आशीष अपने साथी सत्यम और शिवा के साथ गांव के पास बह रही बिरमा नदी में नहाने गया था। नहाते समय आशीष और सत्यम अचानक संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख किनारे पर मौजूद साथी शिवा ने शोर मचाना शुरू कर दिया चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। इसी दौरान गांव के हरगोविंद अनुरागी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद सत्यम को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, आशीष तब तक गहरे पानी में ओझल हो चुका था घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के बाद शाम लगभग 4 बजे आशीष का शव नदी से बरामद किया जा सका आशीष की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई मृतक की मां कौसिला और बाबा भोजा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि आशीष के पिता सहालग (शादी-ब्याह) के सीजन में बैंड बजाने के लिए गांव से बाहर गए हुए थे, जिन्हें इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई थी ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है |