ओवर लोड ट्रक का टायर फटने से ई-रिक्शा सवार आधा दर्जन सवारियां घायल |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l जनपद के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ओवरलोड ट्रक का टायर फटने से हादसा हो गया, जिसमें ई-रिक्शा में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार देवगांव से पत्योंरा जा रहा एक ओवरलोड ट्रक अचानक टायर फटने से अनियंत्रित हो गया। हालांकि ट्रक पलटने से बच गया, लेकिन ट्रक से उछली गिट्टी पीछे से आ रहे ई-रिक्शा में लग गई, जिससे उसमें बैठी सवारियां घायल हो गईं।
घायलों में चुनबुदिया (45 वर्ष) पत्नी स्व. गया तथा भगवानिया (70 वर्ष) पत्नी स्व. टेलर सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी लोग देवगांव से पत्योंरा की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ट्रक का नंबर UP 78 HN 6750 बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सुमेरपुर से देवगांव मार्ग पर दिन-रात ओवरलोड ट्रकों का आवागमन होता रहता है, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।