एनएसएस इकाइयों के छात्रों ने किया प्राणि उद्यान का भ्रमण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के अंतर्गत कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों का भ्रमण कार्यक्रम कानपुर प्राणि उद्यान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राणी उद्यान के निदेशक डा. कन्हैया पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ। वरिष्ठ सर्जन डॉ. नासिर ने पशुओं के रेस्क्यू (बचाव) तथा सर्जरी की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि घायल या बीमार पशुओं को सुरक्षित तरीके से उनका उपचार किया जाता है और पूरी सावधानी के साथ उनकी सर्जरी की जाती है ताकि वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकें। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर नवेद इकराम ने वन्य जीवों की सुरक्षा तथा उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जंगलों और वन्य जीवों की रक्षा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर मोहम्मद फिरोज़ ने विद्यार्थियों को पशुओं के व्यवहार को समझने के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि पशुओं की शारीरिक गतिविधियों, उनकी आवाज़, खान-पान और रहने के तरीके को देखकर उनके व्यवहार को समझा जा सकता है। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों ने प्राणी उद्यान में विभिन्न वन्य जीवों को देखा और उनके संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त की। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। कार्यक्रम में समस्त इकाइयों के कार्यकर्म अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, डॉ. उमा नाथ शुक्ला, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. अरुण कुमार एवं डॉ. संघमित्रा महापात्रा उपस्थित रहे। डॉ. सोमेद्र वर्मा, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. रजत मिश्रा एवं डॉ. शक्ति सिंह की विशेष उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पर्यावरण की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों और वन्य जीवों के महत्व को समझने का अवसर मिला तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ।
|